Strike: सरकार के खिलाफ पटवारी संघ का प्रदर्शन जारी, भीमसेना ने दिया समर्थन

पटवारी संघ की 5 सूत्रीय मांगें, जिले भर के पटवारी कर रहे प्रर्दशन


बैतूल। जिले भर के पटवारी अपनी मांगों को लेकर लगातार हड़ताल पर डटे हुए हैं। मगंलवार को भीमसेना संगठन ने पटवारी संघ के धरना प्रदर्शन को समर्थन दिया। भीमसेना के जिला अध्यक्ष सोनू मासोदकर ने कहा कि पटवारी संघ पिछले कई दिनों से अपनी जायज मांगों के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं जबकि पटवारी शासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। किसान और जनता के हित में मध्य प्रदेश शासन को पटवारी की मांगों का निराकरण करना चाहिए। गौरतलब है कि प्रदेश भर के पटवारी पदोन्नति और समयमान वेतन की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। इस अनिश्चित कालीन हड़ताल से राजस्व विभाग के कामकाज ठप पड़े हुए हैं। इधर आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पटवारी संघ का कहना है कि लगातार पटवारियों की अनदेखी की जा रही है। 2008 के पहले से वर्तमान वर्ष तक समयमान वेतन में वृद्धि नहीं की गई है जबकि राजस्व विभाग के अधिकारियों को इसका लाभ दिया है। धरना स्थल पर मौजूद पटवारियों ने बताया कि वेतन विसंगतियों को लेकर कई सालों से हमारी मांग मध्य प्रदेश शासन के समक्ष लंबित हैं। लेकिन मध्यप्रदेश शासन हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है। हमारी मांगों को लेकर 2007 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक उन मांगों पर किसी प्रकार का कोई विचार नहीं किया गया है। अन्य राज्यों में पटवारी का वेतनमान 2800 के करीब है, जबकि मध्य प्रदेश में वेतनमान उससे कम है। इसलिए हम मांग कर रहे कि सभी राज्यों में जिस तरह से वेतन मान है उसी तरह का वेतनमान हमें भी दिया जाए। हम पटवारी होने के बाद भी आरआई का काम ले रहे जबकि आरआई का वेतनमान 2800 रुपए है। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष जितेंद्र पवार ने कहा प्रत्येक जनहित कार्यो में भीमसेना हमेशा से अग्रणी भूमिका में रही हैं। पटवारी संघ की मांगों को भीमसेना का खुला समर्थन मिलते ही हम सभी पटवारियों में खुशी का माहौल है।
मौके पर भीमसेना संगठन के प्रदेश प्रभारी पंकज अतुलकर, जिला अध्यक्ष सोनू मासोदकर, मेजर विनोद यादव, सैय्यद अलीमुद्दीन, दीपक गायकवाड़, अंकित कापसे, नाजिद खान, मुजाहिद अली, सुनील अतुलकर, सागर कटकवार, हरभजन बग्गा, सौरभ मासोदकर, रोहित सूर्यवंशी, सावन गुजरे उपस्थित रहे।
— यह हैं पटवारियों की मांग–
पटवारी को आवास भत्ता 258 रुपए मिलता है। पटवारी संघ की मांग है कि 3000 रुपए आवास भत्ता दिया जाए।
यात्रा भत्ते के नाम पर 200 रुपए दिए जाते हैं। पटवारी संघ की मांग है कि प्रतिमाह 2000 रुपए यात्रा भत्ता दिया जाए।
अतिरिक्त हल्का भत्ता 500 रूपए दिया जाता है। पटवारी संघ की मांग है कि अतिरिक्त हल्का भत्ता मूल वेतन का 25% होना चाहिए।
मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर प्रदेश भर के 19 हजार पटवारी 28 अगस्त से वेतन विसंगतियों की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन व हड़ताल कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button