Dog Attack : छह वर्ष के बालक का प्राइवेट पार्ट खा गया कुत्ता

dog attack news : बैतूल। आवारा कुत्ते ने घर में घुसकर छह साल के बालक को बुरी तरह से नाेंच दिया और उसका प्राइवेट पार्ट खा गया। अब बालक की प्लास्टिक सर्जरी करानी पड़ेगी तभी वह लघुशंका कर पाएगा। यह दर्दनाक घटना बैतूल जिले के आमला तहसील क्षेत्र में विकासखंड में आने वाले ग्राम कचरबोह में बुधवार सुबह हुई।
गांव के संतोष कोडाती का मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग छह वर्षीय पुत्र हरीश बुधवार को सुबह घर में अकेला था। उसकी मां कविता खेत में काम करने के लिए गई थी और पिता मजदूरी करने गए हुए थे। घर में वह अकेला था तभी एक आवारा कुत्ता घर में घुस गया और मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग हरीश के प्राइवेट पार्ट को अपने नुकीले दातों से बुरी तरह नोंच डाला। बालक की मां कविता जब घर पहुंची तो वह लहुलूहान हालत में पड़ा हुआ था।
मां ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और निजी वाहन से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई लेकर पहुंची। मुलताई में उसका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल में डा जगदीश घोरे ने उसका उपचार प्रारंभ किया। प्राइवेट पार्ट को पूरी तरह से खा लेने के कारण बालक लघुशंका नहीं कर पा रहा है। इस कारण से उसकी प्लास्टिक सर्जरी करानी पड़ेगी। इसके लिए भोपाल के अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है। बालक की मां ने बताया कि वह जन्म से ही मानसिक रूप से कमजोर है। न तो वह चल फिर पाता है और न बैठता है।उसे एक स्थान पर लिटा दिया जाता है और हाथों से भोजन कराने से लेकर अन्य कार्य परिवार के सदस्यों के द्वारा किए जाते हैं।




