शर्मनाक: कांग्रेस ने जलाया पुतला तो उसमें से गिरने लगे कंडोम

Betul News Today : बैतूल। चाल, चरित्र और चेहरे की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी की भद उस समय पिट गई जब भ्रष्टाचार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान पुतला फूंकते ही उसमें से उपयोग किए कंडोम नीचे गिरने लगे। सारणी ब्लाक कांग्रेस कमेटी के द्वारा भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच और कारवाई की मांग को लेकर मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भ्रष्टाचार के पुतले का दहन किया गया। पुतले के दहन करने के दौरान उसके भीतर बड़ी संख्या में भरे हुए कंडोम बिखर गए। इसे देखकर मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी अपनी हंसी नहीं रोक पाए जबकि कुछ कार्यकर्ता शर्म से मुंह छुपाते रहे।

इस दौरान एसडीओपी रोशन कुमार जैन, टीआई रत्नाकर हिंगवे के अलावा महिला व जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्सक्ष हेमंत वागद्रे के अलावा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। इस घटनाक्रम के बाद ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर चौहान कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मोहम्मद इलियास इसे पुतला बनाने वाले बच्चों की नासमझी बता रहे हैं।भाजपा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।
दरअसल ब्लाक कांग्रेस कमेटी सारणी के अध्यक्ष किशोर चौहान के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद सारणी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच और कारवाई की मांग था। प्रदर्शन के दौरान जलाए जाने वाले पुतले में आग लगते ही उसमें से एक-एक कर उपयोग किए गए कंडोम निकलने से लोग निंदा करने लगे हैं।क्षेत्र के भाजपा नेता और विधायक प्रतिनिधि रंजीत सिंह का कहना है कि चाल, चरित्र और चेहरे की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन के दौरान अपने आप ही नकाब उतर गया है। मर्यादा को तार तार करने वाली ब्लाक कांग्रेस कमेटी को तत्काल भंग करना चाहिए और पुलिस को ऐसा कृत्य करने वालों पर कठोर कार्रवाई करना चाहिए।
कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मो इलियास का कहना है कि हम सभी प्रदर्शन में व्यस्त थे। बच्चों से 300 रुपये में पुतला बनवाया गया था।कांग्रेस पार्टी भले ही अब सफाई में अपना बचाव करने कुछ भी कहे, लेकिन ब्लाक कांग्रेस कमेटी सारनी में गुटबाजी और आपसी मनमुटाव किस कदर है। इसके प्रत्यक्ष प्रमाण सबके सामने है।




