संविधान दिवस पर एनएसयूआई ने आयोजित की निबंध प्रतियोगिता, ख़ुशी कचाहे बनी विजेता


बैतूल। संविधान दिवस के अवसर पर एनएसयूआई द्वारा जे.एच. कॉलेज बैतूल में भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल्यों एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संविधान के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को एनएसयूआई ने प्राचार्य डॉ मीनाक्षी चौबे द्वारा छात्राओं को पुरस्कृत करवाया। जिसमें प्रथम पुरस्कार बीए प्रथम वर्ष की छात्रा खुशी कचाहे, द्वितीय पुरस्कार बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा भूमिका मालवीय एवं तृतीय पुरस्कार दीक्षा उबनारे ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय का आधार है। संविधान ने हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया है। युवाओं और विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना को समझना चाहिए तथा उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ उनके संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना भी है। इस अवसर पर रोहन सिंह ठाकुर, रामकुमार नागवंशी, कोमल बरसकर, आसिफ़ अंसारी, राज लाँजीवर, सोहब अंसारी, मिथलेश बेले, प्रियांशु नागले, मेजर सिंह सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




