राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा आज सौंपेगा ज्ञापन
जनगणना-2027 में ओबीसी का अलग कॉलम और सटीक गणना की मांग

2 सितंबर से अनिश्चितकालीन क्रमिक धरने की चेतावनी
आंबेडकर चौक पर दोपहर 2 बजे जुटेंगे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
बैतूल। जनगणना-2027 में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिवार जनसंख्या की सटीक गणना और अलग कॉलम की मांग को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला इकाई बैतूल आज मंगलवार 25 अगस्त को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत विरोध प्रदर्शन करेगा। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर 2 बजे डॉ. बी.आर. आंबेडकर चौक, नेहरू पार्क (सदर) में एकत्र होंगे। इसके बाद कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मोर्चा की मांग है कि एससी-एसटी की तर्ज पर जनगणना में ओबीसी के लिए अलग विकल्प दिया जाए। साथ ही ओपन कॉलम व्यवस्था के स्थान पर राज्यवार आधिकारिक मास्टर जाति निर्देशिका तैयार कर प्रत्येक जाति को विशिष्ट कोड दिया जाए। संगठन ने जाति संबंधी आंकड़ों के संकलन और सत्यापन की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं वैज्ञानिक बनाने की मांग भी की है।
मोर्चा का कहना है कि पूर्व में ओपन कॉलम व्यवस्था के कारण जातिगत आंकड़ों में भ्रम की स्थिति बनी, जिससे ओबीसी वर्ग के अधिकार प्रभावित होते हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 2 सितंबर 2026 से जिला और तहसील मुख्यालयों पर राष्ट्रव्यापी अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संगठन ने पिछड़ा वर्ग, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से दोपहर 2 बजे आंबेडकर चौक, सदर बैतूल पहुंचने की अपील की है।




