आरक्षण हर गरीब को आंदोलन के लिए बैतूल से सैकड़ों लोग दिल्ली रवाना

जंतर-मंतर पर आंदोलन में शामिल होकर समान अवसर और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग रखेंगे

बैतूल। सवर्ण समाज संगठन बैतूल के नेतृत्व में जिलेभर से एक सैकड़ा से अधिक लोग दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित – आरक्षण हर गरीब को- आंदोलन में शामिल होने के लिए रवाना हुए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सभी सवर्ण समाजों के लोग आंदोलन में शामिल होने पहुंचे हैं। संगठन के अनुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश से हजारों और देशभर से लाखों लोग आंदोलन के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं।

दिल्ली जाने वाले प्रतिनिधियों को विदाई देने के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। समर्थकों ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति चाहे किसी भी जाति, समाज या समुदाय से हो, उसे समान अवसर और उसका हक मिलना चाहिए।

इस दौरान दलित समाज के कुछ लोगों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि गरीब किसी भी समाज का हो, उसे आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने गरीबों के हित में उठाए जा रहे संगठन के इस कदम को सराहनीय बताया। दलित समाज के लोगों के समर्थन का यह प्रसंग मौजूद लोगों के लिए भावुक कर देने वाला रहा।

सवर्ण समाज संगठन के सदस्यों और समर्थकों ने कहा कि आंदोलन किसी समाज के विरोध में नहीं है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए समान अवसर और न्याय की आवाज है। दिल्ली रवाना हुए प्रतिनिधियों ने कहा कि वे जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखेंगे और – आरक्षण हर गरीब को- का संदेश देशभर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button