कोरकू समाज संगठन का पुनर्गठन, जिला स्तरीय बैठक में बंडू लिखितकर अध्यक्ष, विनेश बारस्कर उपाध्यक्ष मनोनीत

बैतूल। आदिवासी कोरकू समाज संगठन की जिला स्तरीय बैठक में आदिवासी कोरकू उन्नतिशील समाज वेलफेयर सोसाइटी, जोहार सरकार संगठन और कोरकू कल्याण समिति से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन के पुनर्गठन, नए पदाधिकारियों की नियुक्ति और समाज की एकता को मजबूत करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में वर्तमान अध्यक्ष गंगाचरण कास्दे का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद नए अध्यक्ष की नियुक्ति का विषय रखा गया। अध्यक्ष पद के लिए बंडू लिखितकर निवासी भादूगांव और विनेश बारस्कर निवासी धामनिया ने दावेदारी पेश की। चर्चा के बाद वोटिंग के बजाय आपसी समन्वय और रायशुमारी से बंडू लिखितकर को सर्वसम्मति से आदिवासी कोरकू समाज संगठन बैतूल का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं विनेश बारस्कर को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। नियुक्तियों की घोषणा जनजाति सुरक्षा मंच के नर्मदापुरम संभाग संयोजक हेमराज बारस्कर ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से संगठन का नाम बदलकर आदिवासी कोरकू समाज संगठन रखने का निर्णय लिया गया। समाजसेवियों ने कहा कि नए नाम और नई ऊर्जा के साथ समाज को एकता के सूत्र में बांधते हुए रीति-नीति, पूजा पद्धति, आस्था और संस्कृति के संरक्षण के लिए काम किया जाएगा। जिला उपाध्यक्ष विनेश बारस्कर ने कहा कि समाज में अत्याचार, शोषण और भ्रष्टाचार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुरखों से मिली परंपराओं, आस्था और संस्कृति को संरक्षित रखना संगठन की प्राथमिकता होगी। बारस्कर राजनीति विषय से लगातार दो बार नेट क्वालीफाई कर चुके हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
बैठक में मातृशक्ति भागवंती लिखितकर और नंदनी भूसुमकर, वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त एसआई गुलबराव गायकवाड़ तथा सामाजिक कार्यकर्ता सीताराम चड़ोकार ने भी समाज को संबोधित किया।
बैठक के दौरान बैतूल जिला मुख्यालय पर कोरकू समाज के सामुदायिक मंगल भवन निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। 8 फरवरी 2026 के महामहोत्सव कार्यक्रम में विधायक हेमंत खंडेलवाल और भैंसदेही विधायक महेंद्रसिंह चौहान द्वारा 20-20 लाख रुपए की राशि की घोषणा की जा चुकी है। भवन निर्माण के लिए भूमि का भी अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर चौहान हॉस्पिटल के संचालक एवं भाजपा जिला महामंत्री डॉ. महेंद्रसिंह चौहान, जनपद पंचायत भैंसदेही सरपंच संघ अध्यक्ष परसराम बारस्कर सहित विभिन्न ग्रामों के सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता, मातृशक्ति और समाज के युवा उपस्थित रहे।
बैठक में चिरोंजी कासदेकर, जुगन मौसिक, रवि कुमार, कासीराम भुसुमकर, संतुलाल चिल्हाटे, अरुण मौसिक, धनराज टांडिलकर, धर्मेंद्र रानिया, शुभम टांडिलकर, श्रीराम कसदे, देवानंद धोटे, दीपक लोखंडे, गंगाधर धोटे, कमलेश पांसे, सागर धाड़से, अजय पांसे, राजा बारस्कर, नितिन लोबो, राहुल लोबे, अनिल कासदे, ज्ञानराव चड़ोकार, नीतेश बारस्कर, शिवराम चौहान, भगवती लिखितकर, इंदिरा चौहान, प्रतिभा, नेहा, कोमल चिल्लाटे, कमल बारस्कर, मूँगीलाल अखंडे, अलकेश धोटे, अर्जुन धोटे, करन धाड़से, रामकिशोर दहीकर, अर्जुन बारस्कर, अमर कलमे, गजानन टांडिलकर, महेश कासदे, एडवोकेट लाबु सिंह, एडवोकेट सुंदरलाल बारस्कर, राजकुमार बारस्कर, राहुल बारस्कर सहित समाज के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




