आईटीआई कुंडी के निजीकरण के विरोध में छात्रों के साथ सड़क पर उतरी कांग्रेस

शाहपुर में एसडीएम कार्यालय पहुंचे छात्र, पूर्व प्रत्याशी राहुल उइके के नेतृत्व में कांग्रेस ने दिया ज्ञापन

शासकीय आईटीआई को निजी हाथों में सौंपने का विरोध, विद्यार्थियों के हित में निजीकरण रोकने की मांग

शाहपुर। शासकीय आईटीआई कुंडी के निजीकरण के विरोध में विद्यार्थियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। विद्यार्थियों के आंदोलन को पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राहुल उइके के नेतृत्व में कांग्रेस ने समर्थन दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता भी विद्यार्थियों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और आईटीआई के निजीकरण की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई।

विद्यार्थियों का कहना है कि शासकीय आईटीआई ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण लेकर विद्यार्थी रोजगार के अवसर प्राप्त करते हैं। ऐसे संस्थान को निजी हाथों में सौंपे जाने से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होने की आशंका है।

पूर्व प्रत्याशी राहुल उइके ने कहा कि विद्यार्थियों के हित से जुड़े इस मुद्दे पर कांग्रेस उनके साथ है। शासकीय संस्थानों को निजी हाथों में सौंपने के बजाय उन्हें बेहतर सुविधाओं और संसाधनों से मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने आईटीआई कुंडी के निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग का समर्थन किया।

विद्यार्थियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी मांग रखी और शासन से आईटीआई कुंडी को शासकीय नियंत्रण में यथावत संचालित रखने की मांग की। उनका कहना है कि निजीकरण से क्षेत्र के गरीब और ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए सुलभ तकनीकी शिक्षा के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।

आंदोलन में नरेंद्र कुमार मिश्रा, रामदीन हनोते, धर्मेंद्र शुक्ला, शिवकुमार मालवीय, आशीष मालवीय, ओम, अमित तिवारी, गोविंद उइके, बृजेश कवड़े कावड़कर, धीरज यादव और विपद उइके सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button