सभी ब्लॉकों में कलमबंद हड़ताल पर डटे कृषि विस्तार अधिकारी, 21 को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन

बैतूल। ई-अटेंडेंस के विरोध और लंबित वेतन-भत्तों की मांग को लेकर कृषि विस्तार अधिकारियों का आंदोलन जारी है। गुरुवार को बैतूल जिले के सभी विकासखंडों में कृषि विस्तार अधिकारी कलमबंद हड़ताल पर रहे। अधिकारियों ने विभागीय कामकाज से दूरी बनाकर शासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ के आह्वान पर चल रहे आंदोलन में ई-एचआरएमएस के माध्यम से अनिवार्य की गई ई-अटेंडेंस समाप्त करने, ग्रेड-पे 2400 से बढ़ाकर 2800 रुपए करने तथा अतिरिक्त केंद्र भत्ता 500 से बढ़ाकर 5000 रुपए प्रतिमाह करने की मांग प्रमुख है। अधिकारियों का कहना है कि उनका अधिकांश कार्य मैदानी और भ्रमण आधारित है। ऐसे में ऑनलाइन हाजिरी की अनिवार्यता व्यावहारिक नहीं है।
जिला इकाई बैतूल के अध्यक्ष भूपेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि कृषि विस्तार अधिकारी लगातार किसानों और शासन की योजनाओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनकी व्यावहारिक समस्याओं और लंबित मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि संघ ने शासन को मांगों के निराकरण के लिए 11 अगस्त तक का समय दिया था। समयसीमा में ठोस निर्णय नहीं होने के बाद आंदोलन तेज किया गया है। प्रदेश संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल की चेतावनी दी है।
21 अगस्त को प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर भोपाल पहुंचेंगे। यहां राजधानी में प्रांत स्तरीय विशाल धरना-प्रदर्शन कर शासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों का समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।




