11 अगस्त को निकलेगी सरदार विष्णुसिंह गोंड प्रतिमा स्थापना दिवस की सांस्कृतिक महारैली

हथियार, नशा, आपत्तिजनक नारे और अश्लील गीतों पर रोक, महिलाओं की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए रहेंगे वॉलेंटियर्स

बैतूल। सरदार विष्णुसिंह गोंड प्रतिमा स्थापना दिवस पर 11 अगस्त को जयस सरकार के तत्वाधान में जिला मुख्यालय बैतूल में भव्य सांस्कृतिक महारैली निकाली जाएगी। जयस जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम हर्षोल्लास और पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के साथ आयोजित होगा। रैली दोपहर 12 बजे पड़ापेन ठाना, रैन बसेरा सदर में भूमका टीम द्वारा प्रकृति पूजा और सुमरनी के बाद शुरू होगी। यह गुरुद्वारा रोड, मैकेनिक चौक, कांतीशिवा चौक, दिलबहार चौक, तांगा स्टैंड, बाबू चौक, सिविल लाइन, कॉलेज चौक, गणेश चौक, लल्ली चौक, कोठीबाजार, बस स्टैंड, मुल्ला पेट्रोल पंप, अंबेडकर चौक और पुलिस लाइन तिराहा होते हुए ओपन ऑडिटोरियम पहुंचेगी।

महारैली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोजकों ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रैली में किसी भी प्रकार के घातक हथियार जैसे तलवार, फरसा, चाकू, खुखरी, कटार, लोहे की चेन आदि लाने पर रोक रहेगी। केवल पारंपरिक और प्रतीकात्मक रंग-बिरंगे शस्त्र ही लाए जा सकेंगे। नशे की हालत में किसी को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी और रैली के दौरान शराब दुकानों पर जाने पर भी रोक रहेगी।

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि डीजे और बैंड पर केवल आदिवासी संस्कृति से जुड़े लोकगीत और सांस्कृतिक गीत ही बजाए जाएंगे। सभी डीजे संचालकों को प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखना होगा। डीजे वाहनों में हथियार रखने, अश्लील या विवादित गीत बजाने, किसी समाज, धर्म, राजनीतिक दल अथवा राष्ट्र के खिलाफ नारे लगाने या गीत प्रसारित करने पर प्रतिबंध रहेगा।

रैली में अन्य ब्लॉक और तहसीलों से आने वाली टीमें केवल मैकेनिक चौक, तांगा स्टैंड, कॉलेज चौक और गणेश चौक से ही रैली में शामिल होंगी। बीच मार्ग से किसी भी टीम को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की अभद्रता, छेड़छाड़ या अनुशासनहीनता पर पुलिस कार्रवाई की जाएगी।

रैली के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक वाहनों को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित मार्ग दिया जाएगा। प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और रैली का क्रम सुचारु रखने की जिम्मेदारी वॉलेंटियर्स निभाएंगे।

मुख्य कार्यक्रम कोठीबाजार बस स्टैंड पर 20 मिनट तक पूजा-पाठ और राष्ट्रगान के साथ होगा, जबकि ओपन ऑडिटोरियम में एक घंटे का मंचीय एवं उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद भोजन-प्रसादी का वितरण किया जाएगा, जिसकी व्यवस्था भी वॉलेंटियर्स संभालेंगे। रैली में आने वाले प्रतिभागियों के लिए रैन बसेरा सदर के सामने, पुलिस ग्राउंड और लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम को पार्किंग स्थल बनाया गया है। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से अपने व्यक्तिगत सामान की सुरक्षा स्वयं करने तथा अनुशासन, शांति और सौहार्द के साथ अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button