20 लाख की चोरी का खुलासा: अंतरजिला गैंग के दो शातिर नकबजन गिरफ्तार

रिटायर्ड रेलवे अधिकारी के सूने मकान से नकदी और जेवर ले उड़े थे बदमाश, 18 से 20 लाख के आभूषण बरामद

 कनाडा जा रहे बेटे को छोड़ने गए थे परिवार, उसी दौरान टूटा था घर का ताला

बैतूल। आमला में रिटायर्ड रेलवे सीनियर सेक्शन इंजीनियर एवं रिटायर्ड वायुसेना अधिकारी दम्मूलाल सूर्यवंशी के घर 26 मई को हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरजिला गैंग के दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 18 से 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन दम्मूलाल सूर्यवंशी अपने परिवार के साथ कनाडा में नौकरी करने वाले बेटे को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और दो अलमारियों के ताले तोड़कर करीब पांच लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती जेवर चोरी कर लिए। परिवार के लौटने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लिए गए और डॉग स्क्वाड की मदद से भी जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा और सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने का हार, रानीहार, चार सोने के कंगन, दो मंगलसूत्र, कई सोने की चेन, झुमके, टॉप्स, चांदी के जेवर, लक्ष्मीजी अंकित 10 चांदी के सिक्के सहित करीब 18 से 20 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया। दोनों आरोपी नरसिंहपुर और सिवनी जिले के निवासी हैं तथा उनके खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी और लूट के कई मामले दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button