चिचोली में गहराया पेयजल संकट, महिलाओं ने नगर परिषद कार्यालय के सामने मटके फोड़कर किया प्रदर्शन
एनएसयूआई का आरोप: चिचोली में नशा मिल रहा, पानी नहीं, भाजपा नेता के पहुंचने पर बढ़ा विवाद, धमकाने का आरोप; सीएमओ ने टैंकर से पानी भेजने का दिया आश्वासन


बैतूल। चिचोली के वार्ड क्रमांक 1, 14 और 15 में पिछले 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने पर शनिवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने नगर परिषद कार्यालय के सामने मटके फोड़कर प्रदर्शन किया और सीएमओ से मिलने की मांग पर धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता आशुतोष मालवीय और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। बाद में सीएमओ ने प्रभावित वार्डों में टैंकर से पानी पहुंचाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
गौरतलब है कि प्रदर्शनकारी महिलाएं सीएमओ से आमने-सामने चर्चा की मांग पर अड़ गईं और नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गईं थीं। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं होगी, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता आशुतोष बाली मालवीय मौके पर पहुंचे, जहां वार्डवासियों ने उनके सामने भी नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप है कि भाजपा नेता ने विरोध कर रहे लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास करते हुए कहा कि इतने बड़े नेता बन गए हो कि विरोध करोगे, फौरन घर चले जाओ, नहीं तो तुम्हें ईंट और मटका नहीं बनाने दूंगा। यह सुनते ही कांग्रेस नेता रूपेश आर्य और एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने विरोध जताया। इसके बाद आशुतोष मालवीय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बटनू पटेल के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक 1, 14 और 15 में पेयजल संकट गंभीर हो चुका है और लोगों के पास पीने तक का पानी नहीं है। उन्होंने कहा कि चिचोली में वर्तमान में तानाशाही जैसा माहौल है, जहां नगर परिषद अध्यक्ष के कार्यकाल में शराब और ड्रग्स आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन आम नागरिकों को पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 14 और 15 में प्रजापति (कुम्हार) समाज की बड़ी आबादी निवास करती है, जो सबसे अधिक प्रभावित है।
कांग्रेस नेता रूपेश आर्य ने बताया कि उन्होंने पहले भी पेयजल संकट की शिकायत की थी, लेकिन समाधान नहीं होने पर वार्डवासियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। पूर्व पार्षद रूपेश आर्य का कहना है कि हम नगर परिषद सीएमओ से मुलाक़ात करने अपनी समस्या लेकर गए थे लेकिन भाजपा नेता बाली मालवीय दबंगई करने लगे, मेरे वार्ड के लोगो को डराया धमकाया और कहा यहां से चले जाओ वरना तुमको पानी नहीं मिलने दूंगा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बटनू पटेल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष राहुल पटेल, पूर्व पार्षद रूपेश आर्य, एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी, सेम आर्य, पार्षद रोहित आर्य, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हनी सोनी, मोहित आर्य, विकास आर्य, विक्की आर्य, बुड्डू प्रजापति तथा वार्ड क्रमांक 1, 14 और 15 के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रहवासी उपस्थित रहे।




