बैतूल में 17-18 जुलाई को कांग्रेस का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर

संगठन सृजन अभियान के तहत दो दिन चलेगा वैचारिक मंथन

 ब्लॉक, नगर और मंडलम अध्यक्षों को मिलेगा संगठन मजबूत करने का प्रशिक्षण, शीर्ष नेतृत्व करेगा मार्गदर्शन

हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, उषा नायडु और उमंग सिंघार की मौजूदगी में होगा कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर

बैतूल। कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत 17 और 18 जुलाई को जैन दादावाड़ी में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने जा रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में होने वाले इस शिविर में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और मंडलम अध्यक्ष भाग लेंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और पदाधिकारियों को वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से यह आवासीय शिविर आयोजित किया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, सहप्रभारी उषा नायडु और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इनके अलावा जिला प्रभारी सुनील उइके तथा प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी महेन्द्र जोशी अपनी टीम के साथ प्रशिक्षण देंगे। टीम में भूपेन्द्र पुरावत, ललित सेन, प्रोमिल मित्रा और आदित्य परिहार शामिल रहेंगे।

इसके साथ ही पांचों विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी गोपालकृष्ण शर्मा, सुभाष देशमुख, आनंद राजपूत रामू टेकाम, गोविन्द व्यास, नारायणराव धोटे, हर्षवर्धन बघेल, लवलेश बब्बा राठौर, हुजैफा वोहरा और समीर खान प्रशिक्षण में शामिल होंगे।

संगठन महासचिव बृजभूषण पांडे ने बताया कि 17 जुलाई को सुबह 9:30 बजे से प्रतिभागियों का पंजीयन होगा। इसके बाद साहित्य वितरण और वंदे मातरम् तथा महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ प्रशिक्षण का शुभारंभ होगा। पहले दिन कुल सात बौद्धिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। दोपहर में भोजन अवकाश, शाम को चाय का अंतराल रहेगा। रात में भोजन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

18 जुलाई को सुबह जागरण और चाय के बाद सेवादल द्वारा झंडावंदन और व्यायाम सत्र होगा। इसके बाद दिनभर बौद्धिक कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। दोपहर भोजन अवकाश के बाद अंतिम सत्र होगा, जिसमें प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button