किसानों की समस्याओं को लेकर 1 जुलाई को शाहपुर में होगा आंदोलन ।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्रियों की निकालेंगे प्रतीकात्मक अर्थी । खाद, बिजली और रेत खनन सहित सात मांगों पर होगा प्रदर्शन।

बैतूल। शाहपुर में किसानों एवं आमजन की विभिन्न समस्याओं को लेकर 1 जुलाई को लोकतांत्रिक आंदोलन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन के दौरान किसानों की उपेक्षा और जनसमस्याओं के निराकरण में हो रही देरी के विरोध में कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। साथ ही किसानों एवं आम नागरिकों से संबंधित मांगों का ज्ञापन एसडीएम शाहपुर को सौंपा जाएगा।
युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कमलेश यादव के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व शाहपुर ब्लॉक अध्यक्ष पिंटू वरकड़े, अविनाश भलावी और निलेश करोचे करेंगे। आंदोलन 1 जुलाई को सुबह 11 बजे शाहपुर ब्लॉक मुख्यालय पर शुरू होगा, जहां किसान, युवा और आमजन एकत्रित होंगे।
ज्ञापन में किसानों को समय पर एवं उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने, ई-टोकन व्यवस्था में सुधार कर नगद भुगतान पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी पर पूर्णतः रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहेगी। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत हितग्राहियों के लंबित 12 हजार रुपये के शौचालय अनुदान का तत्काल भुगतान, छात्रावासों में जरूरतमंद एवं पात्र विद्यार्थियों को पारदर्शी तरीके से प्रवेश दिलाने, अवैध रेत खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग भी उठाई जाएगी, ताकि किसानों की खेती और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
कमलेश यादव ने क्षेत्र के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर किसान एकता को मजबूत बनाने और किसानों के अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




