शिवसेना की विचारधारा घर-घर पहुंचाने का लिया संकल्प।
छिंदवाड़ा में जुटे प्रदेश पदाधिकारियों ने बनाई विस्तार की रणनीति।

बैतूल। शिवसेना के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अड़सूल के एक दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचने पर मध्यप्रदेश शिवसेना के तत्वावधान में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और संगठन को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में बताया गया कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों को बालासाहेब की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश प्रभारी सुरेश गुर्जर, मध्यप्रदेश प्रमुख एडवोकेट राजीव चतुर्वेदी, मध्यप्रदेश सचिव दिनेश प्रजापति, उपराज्य प्रमुख शैलेंद्र बारी, प्रदेश सचिव विजेन्द्र गोले, छिंदवाड़ा जिला प्रमुख बीजू, महिला जिला प्रमुख प्रिया, उज्जैन जिला प्रमुख अविनाश सहित प्रदेश के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।




