सीएमओ ने कढाई गौशाला का किया आकस्मिक निरीक्षण।
10 नए टॉके और बाउंड्रीवॉल बनाने के निर्देश।

बैतूल। नगर पालिका द्वारा गौवंश संरक्षण और शहर को आवारा मवेशियों से मुक्त रखने की दिशा में सख्ती बढ़ा दी गई है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने बुधवार 24 जून को ग्राम कढाई स्थित नगर पालिका आधिपत्य की गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गौवंश के संरक्षण, सुरक्षा तथा सुविधाओं के विस्तार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने गौशाला में मवेशियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 नए टॉके (पानी की टंकियां) निर्मित कराने तथा गौशाला परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवॉल निर्माण के निर्देश संबंधित उपयंत्री को दिए। गौशाला क्षेत्र में बिजली की समस्या पाए जाने पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए बताया कि यह क्षेत्र पाढर जोन के अंतर्गत आता है। इस संबंध में संबंधित जोन प्रभारी को पत्र जारी कर क्षेत्र का शीघ्र सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए बिजली व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौवंश को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर गौशाला में पर्याप्त मात्रा में 60 ट्रॉली भूसा तथा सुदाना पशुआहार उपलब्ध कराया गया है। वर्तमान में गौशाला में रखे गए सभी गौवंश को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से रखा जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने बताया कि पूर्व में सभी पशुपालकों और मवेशी मालिकों को सूचना जारी कर आगाह किया जा चुका है कि यदि कोई भी मवेशी शहर की सड़कों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर आवारा अवस्था में घूमता हुआ पाया जाता है तो संबंधित पशु स्वामी के विरुद्ध नगर पालिका अधिनियम एवं प्रचलित उपविधियों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा पकड़े गए प्रत्येक आवारा मवेशी के मालिक पर दो हजार रुपये प्रति मवेशी की दर से जुर्माना भी लगाया जाएगा।
नगर पालिका परिषद बैतूल ने नागरिकों एवं पशुपालकों से अपने मवेशियों को बांधकर रखने तथा शहर की यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



