21 हजार मानदेय और बकाया भुगतान को लेकर आशा उषा कार्यकर्ताओं ने दिया धरना।

बैतूल। आशा उषा कार्यकर्ता महिला संगठन जिला बैतूल के बैनर तले मंगलवार को जिला उद्योग कार्यालय के सामने आशा और उषा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। संगठन की जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में तथा संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नर्मदा ठाकरे के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शन में जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुईं।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने से लेकर टीकाकरण, टीबी नियंत्रण, कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं दीं। आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी सहित शासन की अनेक योजनाओं को सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, इसके बावजूद उन्हें समय पर और पूर्ण भुगतान नहीं मिल रहा है, जिससे आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने प्रतिवर्ष घोषित एक हजार रुपये वेतन वृद्धि का एरियर सहित भुगतान, केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1500 रुपये का एरियर, प्रोत्साहन एवं एक्टिविटी राशि का प्रत्येक माह की पांच तारीख तक नियमित भुगतान, भुगतान स्लिप उपलब्ध कराने, विभागीय दुर्घटना में घायल होने पर एक लाख और मृत्यु की स्थिति में परिवार को दस लाख रुपये सहायता, 21 हजार रुपये निश्चित मानदेय एवं राज्य कर्मचारी का दर्जा, ड्यूटी का समय निर्धारित करने, सेवानिवृत्ति पर दस लाख रुपये, सभी डिलेवरी प्वाइंट पर आशा रेस्ट रूम, आशा कल्याणकारी योजना की शिक्षा प्रोत्साहन राशि का भुगतान, एंड्रॉयड मोबाइल व डाटा सुविधा तथा प्रतिवर्ष आशा दिवस और आशा सम्मेलन आयोजित किए जाने की मांग रखी।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि 29 जुलाई 2023 को महापंचायत में तत्कालीन मुख्यमंत्री माननीय शिवराज सिंह चौहान द्वारा घोषित एक हजार रुपये वार्षिक वृद्धि की राशि का एरियर सहित भुगतान अब तक नहीं हुआ है। पूर्व में भी संगठन द्वारा अधिकारियों से लेकर मंत्रियों तक अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण 20 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया है। संगठन ने जनप्रतिनिधियों, विधायक और सांसद से मांगों का शीघ्र निराकरण कराने का आग्रह किया और स्पष्ट कहा कि जब तक पूर्ण भुगतान एवं मांगों पर निर्णय नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
धरना स्थल पर रायआमला की आशा कार्यकर्ता प्रमिला नागले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी आशा-उषा कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके प्रति संवेदना प्रकट करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपना प्रदर्शन जारी रखा।




