नगर पालिका ने कमानी गेट से गोठाना रोड तक हटाया अतिक्रमण।
हर बुधवार चलेगा विशेष अभियान।

बैतूल। शहर को व्यवस्थित, सुंदर और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने और पात्र हितग्राहियों के पुनर्व्यवस्थापन का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत बुधवार को कमानी गेट से गोठाना रोड तक फैले अतिक्रमणों पर संयुक्त कार्रवाई की गई। नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के अमले ने मिलकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
नगर पालिका के अनुसार शहर में फैले बेतरतीब अतिक्रमणों को व्यवस्थित करने के लिए प्रत्येक बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। पूर्व में अतिक्रमणकर्ताओं से शपथ-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए गए थे, जिनमें यह सुनिश्चित किया गया कि संबंधित व्यक्ति बैतूल का स्थायी निवासी हो, उसका समग्र आईडी और आधार कार्ड स्थानीय हो तथा उसकी अन्यत्र कोई दुकान संचालित न हो। इस प्रक्रिया में कुल 565 हितग्राहियों ने अपने प्रमाण-पत्र नगर पालिका को प्रस्तुत किए थे।
नगर पालिका अब इन्हीं 565 पात्र हितग्राहियों को शहर के पांच निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित करने की कार्रवाई कर रही है। इसके तहत नंदी चौक के सामने फल बाजार विकसित किया जाएगा, जबकि ज्योति टॉकीज के सामने, कांतीशिवा टॉकीज के पास, अभिनंदन सरोवर के पास तथा कारगिल चौक के समीप अन्य हितग्राहियों को व्यवस्थित किया जाएगा।
बुधवार को कमानी गेट से गोठाना रोड तक की गई कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम, बसों एवं अन्य वाहनों के आवागमन में आने वाली बाधाओं को दूर करना था। स्थानीय नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अतिक्रमण हटाने एवं व्यवस्थित करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस अभियान में राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन का भी पूर्ण सहयोग नगर पालिका को प्राप्त होगा।





