पेंशनर्स 10 जून से तहसील स्तर पर देंगे धरना।

बैतूल में पेंशनर्स की बैठक, 104 लंबित प्रकरणों के निराकरण को लेकर आंदोलन का ऐलान । 30 जून को जिला मुख्यालय पर धरना।

बैतूल। जिले में 104 लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण की मांग को लेकर प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। पेंशनर्स 10 जून से तहसील स्तर पर धरना देकर तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपेंगे, जबकि 30 जून को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन देंगे। इसी बीच 5 जून को आयोजित मासिक बैठक में सेवा निवृत्त कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया।

प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन बैतूल एवं एयू बैंक प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बैठक में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल बाजार से 41 वर्ष 4 माह की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए बाबूराव सोनी का शाल, श्रीफल, अभिनंदन पत्र एवं स्वागत पट्टिका देकर सम्मान किया गया। वहीं वरिष्ठ स्टाफ नर्स शाहपुर श्रीमती ललिता पाण्डे, वन विभाग के लेखापाल पुरुषोत्तम साहू तथा बाबूराव सोनी का एयू बैंक प्रबंधन द्वारा भी सम्मान किया गया।

बैठक में एयू बैंक के प्रबंधक हुलसी नन्दन पारधे, सहायक प्रबंधक विजय पंडाग्रे एवं स्टाफ ने बैंक की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक मासिक ब्याज भुगतान और घर पहुंच सेवा उपलब्ध कराती है। उन्होंने बताया कि एयू बैंक को यूनिवर्सल बैंक का अवार्ड भी प्राप्त हो चुका है।

बैठक में सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त जानकारी का उल्लेख करते हुए बताया गया कि पेंशन कार्यालय बैतूल द्वारा 104 लंबित प्रकरण संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी कार्यालयों को वापस भेजे जा चुके हैं। अब पुनरीक्षित पेंशन प्रकरण संबंधित कार्यालयों द्वारा स्वयं की आईडी से एससीपीपी पोर्टल पर ऑनलाइन प्रेषित किए जाएंगे। एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए जिला कलेक्टर से जनसुनवाई में मिलकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कराने की मांग की जाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि कई मामलों में जबलपुर न्यायालय के आदेश हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से पेंशनर्स अवमानना याचिका दायर करने पर विचार कर रहे हैं।

जिला अध्यक्ष सुन्दरलाल कड़वे, संभागीय अध्यक्ष अशोक बोरखड़े, व्ही.एन. पाल, वरिष्ठ संरक्षक सी.आर. पाटील, प्रबुद्ध जन मंच के जिला संयोजक नरेन्द्र शर्मा तथा बी.आर. धोटे सहित अन्य पदाधिकारियों ने आगामी आंदोलन और ज्ञापन कार्यक्रमों पर चर्चा की। बाबूलाल राठौर ने भैंसदेही तहसील शाखा की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि शाखा में एक लाख रुपये की एफडी तथा 50 हजार रुपये बचत खाते में जमा हैं। जिले में नौ तहसील शाखाएं कार्यरत हैं और जिला शाखा बैतूल में एक हजार आजीवन सदस्य जुड़े हुए हैं।

बैठक में बताया गया कि यह आंदोलन मध्यप्रदेश के 50 से अधिक जिलों और 400 तहसील शाखाओं में चलाया जाएगा तथा 22 जुलाई 2026 को राज्य स्तर पर महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में एक सैकड़ा से अधिक पेंशनर्स उपस्थित रहे। महिला संयोजिका सुश्री मीरा शेषकर, श्रीमती उमा राजपूत, श्रीमती ललिता पाण्डे एवं श्रीमती उषा जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। महेंद्र गुदवारे ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विचार व्यक्त किए। श्री गुदवारे ने पर्यावरण दिवस को लेकर कहा कि फलदार वृक्ष को संरक्षित करके उसको ही पुष्पित पल्लवित और फलाच्छादित करना चाहिए ना कि उसको काट कर नया पौधा उगाएं।कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव शिवचरण हजारे ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button