रेन वाटर हार्वेस्टिंग में बैतूल नगर पालिका ने रचा कीर्तिमान।
सीएमओ नवनीत पाण्डेय के नेतृत्व में बैतूल ने बनाया रिकॉर्ड।

बैतूल। जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के क्षेत्र में नगर पालिका परिषद बैतूल ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जल शक्ति अभियान (जेएसजेबी) के तहत 31 मई 2026 तक जारी देशभर के शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) की ताजा रैंकिंग में मध्य प्रदेश की नगर पालिका परिषद बैतूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बैतूल नगर पालिका को रेन वाटर हार्वेस्टिंग (आर डब्ल्यू एच) के अंतर्गत 2 हजार कार्यों का लक्ष्य दिया गया था। इसके विपरीत नगर पालिका ने लक्ष्य से कहीं अधिक 3,747 कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं, जबकि 404 कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। इस प्रकार कुल 4,151 कार्यों के साथ बैतूल ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले निकायों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए तीसरा स्थान सुनिश्चित किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नवनीत पाण्डेय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्यरत तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मैदानी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप यह सफलता प्राप्त हुई है। इस कार्य में सहायक यंत्री नीरज धुर्वे, उपयंत्री नगेन्द्र वागद्रे एवं पंकज धुर्वे सहित नगर पालिका परिषद बैतूल की पूरी टीम ने विशेष योगदान दिया।
नगर पालिका की इस उपलब्धि को जिले और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। जल संरक्षण के क्षेत्र में बैतूल का यह प्रदर्शन अन्य शहरी निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।




