सीएमओ ने ली विकास कार्यों की समीक्षा बैठक।

ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी, समयसीमा में काम पूरा नहीं किया तो होगी कार्रवाई। लापरवाह एजेंसियों पर ब्लैकलिस्टिंग की तैयारी । तीन दिन में अनुबंध पूरे करने के निर्देश।

बैतूल। नगर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को तात्कालिक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों से स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति, पूर्ण हुए कार्यों तथा लंबित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित ठेकेदारों से देरी के कारणों पर जवाब भी मांगा गया।

बैठक में प्रगतिरत और अप्रारंभ दोनों प्रकार के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि जिन ठेकेदारों ने स्वीकृति मिलने के बाद भी कार्य शुरू नहीं किए हैं, उनके विरुद्ध ब्लैकलिस्ट किए जाने का प्रस्ताव आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ एजेंसियों और ठेकेदारों ने अब तक अनुबंध संबंधी औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं। ऐसे सभी संबंधित पक्षों को तीन दिन का अंतिम अवसर दिया गया है। निर्धारित अवधि में अनुबंध नहीं होने पर संबंधित कार्य निरस्त कर दिए जाएंगे तथा जमा सुरक्षा राशि नियमों के अनुसार राजसात की जाएगी। साथ ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

सीएमओ ने सभी ठेकेदारों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहे ठेकेदारों और एजेंसियों के प्रति नाराजगी जताते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर मुख्य नगर पालिका अधिकारी स्वयं विभिन्न वार्डों और मोहल्लों का स्थल निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए नियमित समीक्षा और निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button