पेट्रोल-डीजल महंगाई के विरोध में बहुजन मुक्ति पार्टी ने किया दे धक्का आंदोलन।
बंद गाड़ियों को धक्का देकर किया विरोध, बैतूल में धरना-प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन। बहुजन मुक्ति पार्टी, भारत मुक्ति मोर्चा और। अन्य सामाजिक संगठनों ने किया संयुक्त आंदोलन।

बैतूल। महंगाई और सामाजिक अन्याय के खिलाफ बहुजन मुक्ति पार्टी, भारत मुक्ति मोर्चा एवं अन्य सामाजिक संगठनों ने रविवार 31 मई को राष्ट्रव्यापी जनांदोलन के तीसरे चरण के तहत जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। महंगे पेट्रोल डीजल के विरोध में दे धक्का आंदोलन आयोजित कर बंद गाड़ियों को धक्का देकर अनोखे तरीके से विरोध किया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर बैतूल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
आंदोलन के तहत दोपहर 1 बजे से डॉक्टर बी.आर. अम्बेडकर चौक पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर बिजली, गैस सिलेंडरों एवं पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार को तत्काल राहतकारी कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर बहुजन मुक्ति पार्टी, भारत मुक्ति मोर्चा एवं अन्य सामाजिक संगठनों के द्वारा विरोध प्रदर्शित करते हुए ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि यह विरोध प्रदर्शन देश के 625 जिलों में एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें बैतूल भी शामिल रहा।
कार्यक्रम के अंत में बहुजन मुक्ति पार्टी, भारत मुक्ति मोर्चा तथा राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा की जिला शाखा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही देशवासियों से अपील की गई कि वे जनहित के इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें और सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूत बनाएं।




