तंबाकू मुक्त समाज का संदेश देने शहर में निकली जनजागरूकता बाइक रैली।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प। राष्ट्रीय सेवा योजना के अभियान में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी।

बैतूल। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जे.एच.पी.जी. महाविद्यालय बैतूल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने जनजागरूकता कार्यक्रम और बाइक रैली का आयोजन किया। प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम अमृतम जलम कार्यक्रम की समाप्ति के बाद अभिनंदन सरोवर पर संपन्न हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, नगर पालिका सदस्यों और समाजसेवियों ने सहभागिता की।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर शंकर सतनकर ने तंबाकू सेवन को गंभीर स्वास्थ्य समस्या बताते हुए कहा कि इसके कारण कैंसर सहित कई घातक बीमारियां होती हैं। उन्होंने युवाओं से तंबाकू से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

पूर्व जिला संगठन राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. सुखदेव डोंगरे ने सभी को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के संकल्प से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त किया जा सकता है। जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. जयसिंहपुरे ने कहा कि तंबाकू व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है, इसलिए युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनानी चाहिए।

इसके बाद रेडक्रॉस समिति, बाइकर्स समिति और समाजसेवियों के सहयोग से तंबाकू निषेध जनजागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली कॉलेज चौक से शुरू होकर कारगिल चौक, बस स्टैंड, कोठी बाजार और हमलापुर होते हुए पुनः महाविद्यालय पहुंची। इस दौरान स्वयंसेवकों ने नारे लगाकर नागरिकों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में इश्तियाक काली, नितिन पवार, तनिष्क चौकीकर, कारण धाड़से सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button