पार्टी से हमारी पहचान, कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: सुधाकर पवार ।
पाढर मंडल में शक्ति केंद्र प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों एवं मंडल पदाधिकारियों की बैठक संपन्न।

बैतूल। भारतीय जनता पार्टी पाढर मंडल में रविवार को आयोजित शक्ति केंद्र प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों एवं मंडल पदाधिकारियों की बैठक में विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने का संदेश देते हुए स्पष्ट कहा कि पार्टी के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक का आयोजन पाढर मंडल क्षेत्र के विरासत मैरिज लॉन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला महामंत्री कमलेश सिंह, शाहपुर मंडल प्रभारी श्री परिहार, मंडल प्रभारी दीपक सलूजा तथा मंडल अध्यक्ष नन्दन यादव द्वारा मां सरस्वती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा प्रारंभ हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने कहा कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्मान और जिम्मेदारी दी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पार्टी की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करे। उन्होंने कहा कि हम पार्टी से हैं, पार्टी हमसे नहीं, इसलिए संगठन सर्वोपरि होना चाहिए।

– मन की बात कार्यक्रम में अधिक सहभागिता के निर्देश
बैठक में जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के सुझाव दिए। जिला अध्यक्ष ने माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाले मन की बात कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शक्ति केंद्र प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री संतोष पंद्राम ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंडल उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने व्यक्त किया। बैठक में मंडल के शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




