योग के जरिए स्वास्थ्य लाभ का संदेश दे रहे मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी ।
आयुष मंत्रालय के निर्देश पर जिलेभर में कराया जा रहा योग अभ्यास । 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान के तहत गांव-गांव पहुंच रही टीम।

बैतूल। आयुष मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली एवं संचालनालय आयुष विभाग मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भारत भारती जामठी बैतूल द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत बैतूल नगर सहित जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों को योग का अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि आमजन योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।
यह योग प्रशिक्षण अभियान अध्यक्ष गणेश मालवीय, कोषाध्यक्ष संतोष पाल एवं प्राचार्य डॉ. विजय माने के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। वहीं उपप्राचार्य डॉ. राजकुमार मिश्रा द्वारा इसकी रूपरेखा तैयार की गई है। महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. अनंत वर्मा एवं डॉ. नीलम धोटे के साथ इंटरनी श्रुति मानपुर, पूजा, महेश एवं ओमकार तथा महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बैतूल नगर के नागरिकों को नियमित योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
महाविद्यालय की टीम जिले के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को योग के प्रति जागरूक कर रही है। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि यह निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर 21 जून तक बैतूल के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा।




