गौला में 17 अगस्त को होगा मां सूर्यपुत्री ताप्ती महोत्सव।

बैतूल। ग्राम गौला स्थित पवित्र मां सूर्यपुत्री ताप्ती मंदिर में मंदिर स्थापना वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 17 अगस्त को मां सूर्यपुत्री ताप्ती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में बैतूल बाजार से पधार रहे मां गायत्री उपासक विनायक धोटे श्रद्धालुओं को दिव्य सत्संग का लाभ देंगे। ग्राम गौला के प्रह्लाद महाराज अपने आध्यात्मिक विचारों और धर्ममय संदेशों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण सनातन संस्कृति महाविद्या उत्थान मानव कल्याण सेवा आश्रम, सिवनी के परम पूज्य आत्मज्ञानी, ब्रह्मज्ञानी, तत्वदर्शी एवं समाधिस्थ संत स्वामी सत्यनारायण गिरी गोस्वामी महाराज का दिव्य सत्संग रहेगा। वे मां भगवती सूर्यपुत्री ताप्ती की महिमा, सनातन धर्म की दिव्यता तथा आदिशक्ति जगदंबा पराशक्ति के अलौकिक स्वरूप पर विशेष प्रवचन देंगे।
समस्त गौला ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव को लेकर गौला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। आयोजकों ने धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।




