वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 16 नवयुगलों ने लिए सात फेरे।

पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ कुनबी समाज का कन्यादान महोत्सव। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सराहा आयोजन, बोले- आने वाले वर्षों में और भव्य हो कन्यादान महोत्सव।

बैतूल। क्षत्रिय लोनारी कुन्बी समाज सेवा संगठन का कन्यादान महोत्सव बुधवार 13 मई को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। यहां समाज के 16 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सात वचनों के साथ परिणय सूत्र में बंधे। शहीद भवन से निकली बारात का समाज संगठन ने आत्मीय स्वागत किया। आयोजन ने सामाजिक एकता, सादगी, सहयोग और संस्कारों का संदेश दिया।

विशेष रूप से मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को भावनात्मक गरिमा प्रदान की। विवाह संस्कारों के दौरान माताओं एवं महिलाओं की उपस्थिति और सहभागिता ने पूरे वातावरण को पारिवारिक आत्मीयता से भर दिया। बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

विवाह सम्मेलन में सभी नवयुगलों ने एक साथ वैवाहिक संस्कार पूर्ण किए। मंत्रोच्चार के बीच जब नवयुगलों ने सात फेरे लिए तो पूरा पंडाल तालियों और शुभकामनाओं से गूंज उठा। आयोजन स्थल पर अतिथियों के स्वागत, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं।

अन्य समाजों को भी सीख लेने की आवश्यकता: हेमंत खंडेलवाल

समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को नई दिशा देने वाले होते हैं। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय लोनारी कुन्बी समाज सेवा संगठन ने प्रेरणादायी कार्य किया है, जिससे अन्य समाजों को भी सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नवयुगलों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन का स्वरूप और अधिक भव्य होना चाहिए।

संगठन ने अत्यंत पुण्य का कार्य किया: निलय डागा

कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि संगठन ने अत्यंत पुण्य का कार्य किया है। अलग-अलग विवाह करने पर परिवारों पर लाखों रुपए का आर्थिक बोझ आता है, जबकि कन्यादान महोत्सव से समय और धन दोनों की बचत होती है। इससे समाज आर्थिक रूप से मजबूत बनता है।

– वक्ताओं ने की आयोजन की सराहना

कार्यक्रम को केंद्रीय राज्य मंत्री डी.डी. उईके, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख भास्कर मगरदे, विष्णु राने ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की पहल को सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक बंधुत्व को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

– मुन्ना मानकर के कुशल नेतृत्व में सफल आयोजन

कार्यक्रम में स्वागत भाषण क्षत्रिय लोनारी कुन्बी समाज सेवा संगठन के जिला अध्यक्ष यशवंत मुन्ना मानकर ने दिया। उन्होंने अतिथियों, समाजजनों एवं मातृशक्ति का स्वागत करते हुए आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा समाज की एकजुटता को इस सफल कन्यादान महोत्सव की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उल्लेखनीय है कि मुन्ना मानकर के कुशल नेतृत्व, जुझारूपन, सरल एवं सहज कार्यशैली का आयोजन की सफलता में विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र कनाठे ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि अंत में उज्जवल पांसे ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

– ये रहे मौजूद

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, नरेश फाटे, डॉ. राजेंद्र देशमुख, कुनबी समाज जिला अध्यक्ष प्रवीण ठाकरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button