घर-घर योग अभियान शुरू, 18 संस्थानों में 257 लोगों ने किया अभ्यास।

12 मई से 21 जून तक चलेगा ऑनलाइन योग प्रशिक्षण अभियान। ऑनलाइन माध्यम से रोज सुबह 8 बजे होगा योग प्रशिक्षण।

बैतूल। मध्यप्रदेश आयुष विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग अभियान की शुरुआत की गई है। बदलते परिवेश और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए विभाग अब योग को हर घर तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि 11 मई से प्रतिदिन सुबह 8 बजे ऑनलाइन माध्यम से योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले की जनता अपने निकटस्थ आयुष चिकित्सालयों, योग वेलनेस केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पहुंचकर योग प्रशिक्षण का लाभ ले सकती है। इसके साथ ही लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी योग अभ्यास और क्रियाओं का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

अभियान के पहले दिन जिले के 18 आयुष संस्थानों में भौतिक रूप से उपस्थित होकर 257 लोगों ने योगाभ्यास किया। वहीं जिला आयुष कार्यालय में भी ऑनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आयुष विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

संचालनालय आयुष के निर्देशानुसार यह ऑनलाइन प्रशिक्षण आयुष विभाग के सभी चिकित्सालयों, एचडब्ल्यूसी संस्थाओं और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रतिदिन सुबह 8 बजे प्रसारित किया जाएगा। प्रशिक्षण में योग को जन-जन तक पहुंचाने और दैनिक जीवन में योग के महत्व को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण सत्र में योग विशेषज्ञों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जानकारियां दीं। साथ ही योग के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया।

डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि 12 मई से 21 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को योग से जोड़ना और लोगों को निरोग जीवन के प्रति जागरूक करना है। आयुष विभाग के चिकित्सकों ने नागरिकों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने और नजदीकी संस्थाओं में प्रशिक्षण लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button