समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट माध्यम: शुक्ला।

रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ श्री विनायकम स्कूल का समर कैंप । डांस, ज़ुम्बा, योग और कला प्रदर्शनियों ने मोहा सभी का मन।

बैतूल। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्री विनायकम स्कूल में आयोजित समर कैंप रंगारंग प्रस्तुतियों और बच्चों की शानदार प्रतिभाओं के प्रदर्शन के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विगत 24 वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे विद्यालय में आयोजित इस विशेष समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुराग शुक्ला उपस्थित रहे। उनके साथ विद्यालय संचालक कमलेश खासदेव एवं संजय राठौर भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक योग प्रदर्शन से हुई, जिसने स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश दिया। इसके बाद ज़ुम्बा और डांस प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को ऊर्जा और तालियों से गूंजायमान कर दिया। सिंगिंग और ओपन माइक गतिविधियों में बच्चों ने गीत, कविता और मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

समर कैंप में लगाई गई आर्ट गैलरी भी आकर्षण का केंद्र रही, जहां बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, क्राफ्ट और रचनात्मक कलाकृतियों ने सभी को प्रभावित किया। वहीं मेहंदी गैलरी में छात्राओं की खूबसूरत और बारीक डिजाइनों को अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।

मुख्य अतिथि जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला है। साथ ही उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जागरूक रहने का संदेश भी दिया।

विद्यालय डायरेक्टर संजय राठौर ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखकर उनकी कला, संस्कृति, फिटनेस और रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया कि उनमें अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों, कला प्रदर्शनियों और बच्चों के उत्साह से पूरा कार्यक्रम यादगार बन गया। समापन अवसर पर विद्यालय द्वारा सभी प्रतिभागियों को समर कैंप के प्रमाण पत्र वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button