सेवा सप्ताह रूप में मनाया जाएगा विश्व रेडक्रॉस दिवस ।
8 मई तक होंगे स्वास्थ्य कार्यक्रम।

बैतूल। रेडक्रॉस सोसायटी की महत्वपूर्ण बैठक में 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य सेवाओं को सेवा सप्ताह के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिले के पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाजहित में कई अहम फैसले लिए।
निर्णय अनुसार 6 मई को सेवा भारती और रेडक्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। 7 मई को औद्योगिक क्षेत्र में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा, जिसमें आमजन को आपात स्थिति में जीवन बचाने की तकनीक सिखाई जाएगी। 8 मई को सेवा भारती आनंद धाम वृद्धाश्रम में मल्टी-स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जिसमें दोनों संस्थाएं मिलकर सेवाएं देंगी।
बैठक में मध्यप्रदेश रेडक्रॉस के कोषाध्यक्ष दीपेश मेहता विशेष रूप से मौजूद रहे। रेडक्रॉस बैतूल के अध्यक्ष डॉ. अरुण जयसिंहपुरे, सचिव अनिल राठौर, उपाध्यक्ष डॉ. प्रियेश पात्रीकर, सदस्य नेहा गर्ग, नीलम वागद्रे और डॉ. आनंद नरवरे भी उपस्थित रहे। सभी ने सेवा सप्ताह को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प लिया।




