आगजनी पीड़ितों के बीच पहुंचा संघ।

बर्राढाना अग्निकांड के बाद 25 परिवारों को मिली त्वरित मदद।

बैतूल। भीमपुर तहसील अंतर्गत बर्राढाना गांव में तेज आंधी-तूफान के बीच हुई भीषण आगजनी ने कई परिवारों को बेघर कर दिया। घटना में 18 घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि अन्य घरों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा। आग की चपेट में आने से पीड़ित परिवारों के कपड़े, मवेशी और दैनिक उपयोग की समस्त सामग्री नष्ट हो गई। घटना शनिवार शाम की है, जिसके बाद रविवार सुबह ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग और सेवा भारती ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सह सेवा प्रमुख अभिषेक खंडेलवाल ने बताया कि भीमपुर के स्वयंसेवकों ने रात में ही राहत सामग्री की किट तैयार कर ली थी। इसमें ब्रश, पेस्ट, साबुन, तेल सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं। इसके साथ ही आटा, तेल, नमक, दाल, चावल, बिस्कुट और नमकीन के पैकेट तैयार कर 25 पीड़ित परिवारों को सुबह उपलब्ध कराए गए।

आगजनी से प्रभावित परिवारों में करीब 125 लोग शामिल हैं, जिनके रोजमर्रा के कपड़े तक जलकर खत्म हो गए। इनमें 25 छोटे बच्चे, 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 20 बच्चे, 35 महिलाएं और 34 पुरुष शामिल हैं। सभी के लिए कपड़े, चप्पल और जूतों की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

सेवा भारती द्वारा पिछले सप्ताह भी दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग वितरण का कार्य किया गया था, जिसमें 150 से अधिक लोगों को लाभ मिला। बर्राढाना अग्निकांड में भी संस्था की त्वरित पहल को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने सराहा है। अधिकारियों ने इसे पीड़ित परिवारों के लिए बेहद उपयोगी और राहतकारी कदम बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button