लाड़ली लक्ष्मी उत्सव में बेटियों ने बिखेरी प्रतिभा, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

बैतूल। महिला एवं बाल विकास परियोजना बैतूल ग्रामीण के आंगनबाड़ी केंद्र कढ़ाई में शनिवार को लाड़ली लक्ष्मी उत्सव बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिका सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना, समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के लक्ष्यों और लाभों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई, जिसके बाद लाड़ली बालिकाओं ने मंच पर आकर आत्मविश्वास के साथ अपने विचार व्यक्त किए। बालिकाओं ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने सपनों को साकार करने के संकल्प को साझा किया, जिससे उपस्थित जनसमूह भावुक और प्रेरित हुआ।

इस अवसर पर शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली बालिकाओं का सम्मान किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान स्वरूप पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत चयनित बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे अभिभावकों में भी योजना के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ी। पर्यावरण संरक्षण के संदेश को सशक्त बनाने के लिए “एक पेड़ लाड़ली लक्ष्मी के नाम” अभियान के तहत बालिकाओं द्वारा पौधारोपण किया गया। इस पहल के माध्यम से बेटियों और प्रकृति के बीच संबंध को रेखांकित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान रंगोली, मेहंदी, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला, रचनात्मकता एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना तिवारी ने किया। इस अवसर पर सीएनओ श्रीमती रीता कोसे, एएनएम श्रीमती ममता टेकाम, आशा कार्यकर्ता श्रीमती मनोता कवड़े, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता फूलमत दोबारे, श्वेता खातरकर, सहायिका उमेदी वाड़ीवा, लाडली क्लब की बालिकाएं, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button