लायंस क्लब बैतूल सिटी ने अंबेडकर चौक पर शुरू किया निशुल्क प्याऊ।
वॉकिंग करने वाले नागरिकों, खिलाड़ियों, जिला अस्पताल आने वाले मरीजो को मिलेगी सुविधा। लायंस क्लब बैतूल सिटी की पहल से आमजन को बड़ी राहत।

बैतूल। बढ़ती गर्मी के बीच शहरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से लायंस क्लब बैतूल सिटी द्वारा अंबेडकर चौक पर पुलिस परेड ग्राउंड के मुख्य द्वार के पास निशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
प्याऊ का उद्घाटन लायंस क्लब बैतूल सिटी के अध्यक्ष बी.आर. कुबडे द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है और क्लब आगे भी इसी तरह जनहित के कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में लायन एच.एस. रघुवंशी, लायन मोहन अग्रवाल, लायन अनिल दुबे, लायन दीपक पाल, लायन नीलम दुबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में इस तरह की व्यवस्था से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि यह स्थान शहर का प्रमुख केंद्र है, जहां सुबह और शाम बड़ी संख्या में वॉकिंग करने वाले नागरिक, खिलाड़ी सहित जिला अस्पताल आने वाले मरीज एवं उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में यहां शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होना लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। क्लब की यह पहल सामाजिक सेवा का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।




