शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता, जीवनभर देता है मार्गदर्शन: अजय पवार।
बैतूल में 43 साल की सेवा के बाद शिक्षक नेमीचंद मालवी को विदाई।

बैतूल। अशासकीय विद्यालय वेलफेयर सोसाइटी (विद्यालय संगठन) जिला बैतूल और शिक्षक प्रकोष्ठ भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में संजीवनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सदर में सेवानिवृत्त शिक्षक नेमीचंद मालवी को सादे समारोह में विदाई दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके 43 वर्षों के शिक्षकीय योगदान को याद करते हुए सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष गजेंद्र पवार ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद व्यक्ति को समाज सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहना चाहिए। इससे समय का सदुपयोग होता है और व्यक्ति शारीरिक व मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि अनुभवी लोग समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षक प्रकोष्ठ भाजपा के जिला संयोजक अजय पवार ने कहा कि शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता, वह जीवनभर अपने ज्ञान और अनुभव से समाज को मार्गदर्शन देता रहता है। उन्होंने गजल के माध्यम से विदाई संदेश भी प्रस्तुत किया। वहीं संगठन के जिला संयोजक प्रकाश छोटे ने मालवी द्वारा शिक्षा और निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान में दिए गए सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर नेमीचंद मालवी के हाथों लक्ष्मी तरु का रोपण कराया गया, जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी विद्यालय के शिक्षकों ने ली। आभार प्रदर्शन करते हुए दीप मालवी ने उनके साथ जुड़े संस्मरण साझा किए। कार्यक्रम का संचालन योगेश्वर राव गायकवाड ने किया। समारोह में राजकुमार गोहिते, रामराज पाल, पांडे मैडम, दत्ता मैडम, नीमगड़े सर, उमेश पवार, अजय कोड़ले सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




