कांग्रेस पार्टी की ताकत उसकी विचारधारा और उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं: श्रीमती उषा नायडू।

बैतूल में कांग्रेस का मंथन: संगठनात्मक बैठक में बूथ से लेकर ब्लॉक तक खींचा सशक्तिकरण का खाका । कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद, संगठन को नई धार देने की कवायद। जिला कांग्रेस कार्यालय में जुटे दिग्गज, संगठन विस्तार पर बनी सहमति।

बैतूल। जिले में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में गुरुवार 30 अप्रैल को जिला कांग्रेस कार्यालय बैतूल गंज में विधानसभा बैतूल की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश सह प्रभारी श्रीमती उषा नायडू, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, प्रदेश सचिव समीर खान, संगठन महासचिव बृजभूषण पांडे सहित ब्लॉक और मंडलम स्तर के पदाधिकारियों की मौजूदगी ने इसे बेहद अहम बना दिया। बैठक में संगठन के ढांचे को बूथ स्तर तक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने एक स्वर में इस बात पर बल दिया कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता होते हैं और उन्हें मजबूत किए बिना किसी भी राजनीतिक लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता। संगठन महासचिव बृजभूषण पांडे ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि जमीनी फीडबैक लेने और उसे रणनीति में बदलने का मंच है।

बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार चौबे, मनोज आहूजा, पंकज बंजारे, सत्य प्रकाश रावत तथा मंडलम अध्यक्ष कदीर खान, प्रणय पाठक, राकेश सोनी, लवलेश बब्बा राठौर, नारायण राव धोटे, मोनिका निरापुरे और पुष्पा पेंद्राम ने अपने-अपने क्षेत्र की संगठनात्मक स्थिति और चुनौतियों को सामने रखा। इस दौरान बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, निष्क्रिय इकाइयों को पुनर्जीवित करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की दिशा में ठोस रणनीति पर चर्चा हुई।

– कार्यकर्ताओं की भूमिका पर किया विस्तार से मंथन

प्रदेश सचिव समीर खान और संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे ने कार्यकर्ताओं की भूमिका को निर्णायक बताते हुए कहा कि आगामी समय में संगठन को चुनावी मोड में लाने के लिए हर स्तर पर सक्रियता जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मंडलम और बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की नियुक्ति और नियमित संवाद से ही संगठन मजबूत बनेगा।

– कांग्रेस पार्टी की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता

राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश सह प्रभारी श्रीमती उषा नायडू ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी की ताकत उसकी विचारधारा और उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि हमें केवल चुनाव के समय नहीं, हर दिन जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों को समझना और उठाना होगा। श्रीमती उषा नायडू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और युवाओं व महिलाओं को अधिक से अधिक संगठन से जोड़ें। उन्होंने कहा कि यह समय संगठन को नई ऊर्जा देने का है और हर कार्यकर्ता इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

बैठक के अंत में वरिष्ठ नेताओं ने भरोसा जताया कि इस तरह के लगातार संवाद और बैठकों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी और संगठन आने वाले समय में जिले में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button