केंद्रीय विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत।

मुख्य अतिथि ने बांटी पुस्तिकाएं, खिले बच्चों के चेहरे ।

बैतूल। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैतूल में कक्षा प्रथम के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु विद्याप्रवेश कार्यक्रम हर्ष, उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। आकर्षक सजावट से सुसज्जित विद्यालय परिसर में नन्हे बच्चे अपने अभिभावकों के साथ नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत करने पहुंचे, जहां कार्यक्रम ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच सशक्त सहभागिता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नामित अध्यक्ष पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैतूल एवं डिप्टी कलेक्टर अनीता पटेल रहीं। इस दौरान प्राचार्य आर.एन. पाण्डेय और प्रधानाध्यापक भारत धोटे की विशेष उपस्थिति रही। संचालन रचना सोनी और अपर्णा शुक्ला ने प्रभावशाली ढंग से किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और माल्यार्पण से हुई। इसके बाद नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत “आ आ ई ई”, जिसका संगीत संयोजन उदय प्रताप सिंह ने किया, ने सभी का मन मोह लिया। प्राथमिक कक्षा के बच्चों के मनमोहक नृत्य ने माहौल को और आकर्षक बना दिया।

प्राचार्य आर.एन. पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय पढ़ाई के साथ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है, जहां ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों की शिक्षा दी जाती है। उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानाध्यापक भारत धोटे ने स्वागत भाषण में प्रारंभिक शिक्षा को बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव बताते हुए अभिभावकों को आश्वस्त किया कि उनके बच्चे सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में सीखेंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथि अनीता पटेल ने नन्हे विद्यार्थियों को ‘विद्याप्रवेश’ पुस्तिका, फाइल फोल्डर, स्टेशनरी और चॉकलेट वितरित किए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके बाद अनुपम राज और सुदामा बघाये द्वारा अभिभावकों के लिए उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय की कार्यप्रणाली, शिक्षण पद्धति और बच्चों के समग्र विकास में अभिभावकों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि अनीता पटेल ने कहा कि अभिभावकों का दायित्व केवल बच्चों को विद्यालय भेजना ही नहीं, उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के साथ सक्रिय सहभागिता करना भी आवश्यक है। वरिष्ठ शिक्षक जगदीश लोखंडे ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए पौष्टिक आहार की आवश्यकता पर जोर देते हुए संयुक्त प्रयासों की महत्ता बताई।

अंत में जगदीश लोखंडे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर ए.आर. डांगे, ममता रजक, मनीषा कुमारी, अनामिका गौतम, विभी मौर्य और अंकिता ठाकरे सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम ने नन्हे विद्यार्थियों के मन में विद्यालय के प्रति अपनत्व, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करते हुए एक यादगार शुरुआत दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button