फर्जी मस्टर रोल से भुगतान निकालने के मामले में कलेक्टर से शिकायत ।
आठनेर जनपद की ग्राम पंचायत मानी में सरपंच और सचिव के खिलाफ लगे आरोप।

बैतूल। आठनेर जनपद की ग्राम पंचायत मानी में सरपंच और सचिव पर निर्माण कार्यों में अनियमितता और शासकीय राशि के कथित गबन के आरोप लगे हैं। वन ग्राम पाट निवासी अशोक उईके ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि ग्राम पंचायत मानी के अंतर्गत ग्राम पाट, धारूड़ और नड़ा में वर्ष 2023-24 और 2025-26 के दौरान कई निर्माण कार्य कराए गए, लेकिन अधिकांश कार्य या तो अधूरे हैं या गुणवत्ता विहीन हैं। इसके बावजूद सरपंच और सचिव द्वारा पूरी राशि आहरित कर ली गई, जिससे गबन की आशंका जताई जा रही है।
शिकायत के अनुसार धारूड़ क्षेत्र में बनाए गए डेम निर्माण कार्यों में मजदूरों के बजाय जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया, जबकि दस्तावेजों में मजदूरों के नाम से मस्टर रोल भरकर भुगतान निकाल लिया गया। कई जगह पिचिंग कार्य नहीं किया गया और निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है।
ग्राम नड़ा में गायमुख मार्ग पर बनी पुलिया की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। वहीं धारूड़ में तेलीयाकन पुलिया का स्थान बदलकर निर्माण करने और जीओ-टेग कार्य कागजों में अलग स्थान पर दिखाने का आरोप है।
धारूड़ से अंबादेवी मार्ग तक बनी सुदूर सड़क में भी नियमों की अनदेखी सामने आई है। सड़क निर्माण में न तो रोलर का उपयोग किया गया और न ही पानी का छिड़काव, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हुई। शिकायतकर्ता ने पंद्रहवें वित्त आयोग की राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




