कांग्रेस किसानों के समर्थन में 9 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर करेगी प्रदर्शन।
खरीदी तारीखों में बार-बार बदलाव से बढ़ा किसानों का आक्रोश । ओलावृष्टि, खरीदी में देरी और बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का धरना।

बैतूल। जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब खुलकर मैदान में उतर आई है। जिला संगठन महामंत्री बृजभूषण पांडे ने बताया कि 9 अप्रैल को बैतूल के शिवाजी ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से किसानों के समर्थन में बड़ा धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पीड़ित किसानों के साथ कलेक्टर बैतूल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह आंदोलन मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर होने वाले प्रदर्शनों का हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से किसान पहले ही प्रभावित हैं, वहीं गेहूं खरीदी की तारीखों को बार-बार बढ़ाए जाने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। पहले 23 मार्च, फिर 1 अप्रैल, 10 अप्रैल और अब 15 अप्रैल तक तारीख बढ़ने से किसानों में भारी नाराजगी है। खरीदी शुरू नहीं होने के कारण किसान मजबूरी में अपनी उपज मंडियों में 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के कम दाम पर बेचने को विवश हैं, जबकि पड़ोसी राज्य राजस्थान में 16 मार्च से ही गेहूं उपार्जन शुरू हो चुका है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार के कुप्रबंधन के कारण सहकारी संस्थाओं से ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च तय होने से लगभग 50 प्रतिशत किसान डिफाल्टर हो गए हैं। इसके अलावा खाद की कमी, मनमाने बिजली बिल, बिजली चोरी के झूठे प्रकरण और नरवाई जलाने पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई जैसे मुद्दों ने किसानों को और संकट में डाल दिया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलने से भी किसानों में आक्रोश बढ़ा है।
जिला संगठन महामंत्री बृजभूषण पांडे ने सभी ब्लॉक, शहर और मंडलम अध्यक्षों, जिला समन्वय समिति के सदस्यों, मोर्चा संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों के जिलाध्यक्षों, पूर्व विधायकों, कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों और सक्रिय पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि यह धरना-प्रदर्शन प्रभावी और व्यापक बनाया जा सके।




