हनुमान जन्मोत्सव बना आस्था का सागर, गंज बना भक्ति का केंद्र।

सुंदरकांड से महाआरती तक गूंजा श्रीराम-हनुमान का जयघोष।

बैतूल। गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा शहर भक्ति और उत्साह में डूबा नजर आया। श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति बैतूल गंज के तत्वावधान में श्री हनुमान चौक गंज आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा, जहां शाम से देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों और भव्य स्वागत का सिलसिला चलता रहा।

शाम 6 बजे श्री हनुमान चौक पर सुंदरकांड पाठ की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद 7 बजे श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया और ठीक 7:30 बजे महाआरती संपन्न हुई। आरती के समय पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।

– आतिशबाजी ने बढ़ाया उत्सव का रंग

महाआरती के पश्चात नयनाभिराम आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम में उत्सव का अलग ही रंग भर दिया। रंग-बिरंगी रोशनी और धमाकों के बीच श्रद्धालुओं ने इस पल को यादगार बना लिया।

– झांकियों और शोभायात्राओं का भव्य आगमन

इसके बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भव्य शोभायात्राएं श्री हनुमान चौक पहुंचीं। कोठीबाजार से आई घाटा मेहंदीपुर बालाजी की शोभायात्रा, श्री हनुमान मंदिर गर्ग कॉलोनी, राममंदिर रामनगर से हैरतअंगेज अखाड़ों के साथ निकली यात्राएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनके अलावा अन्य क्षेत्रों से आई झांकियों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

श्री हनुमान चौक पर सभी झांकियों और शोभायात्राओं का भव्य स्वागत किया गया। समिति द्वारा आयोजकों का शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। यह दृश्य सामाजिक एकता और धार्मिक समर्पण का प्रतीक बना रहा।

– सेवा भाव में आगे आए व्यापारी

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रही शोभायात्राओं के दौरान व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। साथ ही शीतल जल, शरबत, चना और हलवा प्रसादी वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को राहत और संतोष मिला।

– सामूहिक सहयोग से सफल हुआ आयोजन

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात विभाग, नगर पालिका और शहर के व्यापारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति बैतूल गंज ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन जनसहभागिता और आस्था की मिसाल बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button