कन्यादान विवाह महोत्सव में 15 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह।
महिला मंडल ने माता पूजन के साथ शुरू की तैयारियां। विवाह सामग्री की खरीदारी पूरी, गौरी पूजन संपन्न। महिलाओं में दिखा उत्साह, टीमें बनाकर संभाली जिम्मेदारी । फिजूलखर्ची रोकने और समाज सुधार का उद्देश्य।

बैतूल। क्षत्रिय लोनारी कुनबी समाज सेवा संगठन के तत्वाधान में इस वर्ष कन्यादान विवाह महोत्सव की नई पहल शुरू की गई है। 15 मई 2026 को आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 15 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन में सेवा संगठन कुंबी समाज (पुरुष) एवं महिला समाज संगठन का विशेष सहयोग रहेगा।
महोत्सव की शुरुआत महिला मंडल द्वारा माता पूजन एवं गणेश पूजन के साथ की गई। इस दौरान समाज की महिलाओं ने विवाह में उपयोग होने वाली सभी आवश्यक सामग्री जैसे बांसिंग, माला, गमछे, दवड़ी, झीबला, झीबा, रई, पान हार, मेहंदी, हल्दी, चूड़ी, बिंदी और गजरा आदि की खरीदारी भी पूरी कर ली। साथ ही माता गौरी का पूजन कर उन्हें मेहंदी, हल्दी और चूड़ा अर्पित किया गया तथा ओटी भरकर सुख-समृद्धि और सौभाग्य की कामना की गई।
आयोजन में महिला मंडली का उत्साह देखते ही बन रहा है। सभी महिलाएं अपनी-अपनी टीमों के साथ सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटी हुई हैं और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
समाज संगठन का उद्देश्य विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च और दिखावे की परंपरा को समाप्त करना है। बचाए गए संसाधनों को नवविवाहित जोड़ों के भविष्य के लिए उपयोगी बनाने की सोच के साथ यह पहल की जा रही है, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।




