वार्डों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर चलाया जा रहा सघन अभियान।
अर्जुन वार्ड में नागरिकों से किया सीधा संपर्क। नगरपालिका ने घर-घर पहुंचकर समझाया महत्व।

बैतूल। विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशन में नगर पालिका द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रैन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर मिशन मोड में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय के नेतृत्व में नगर के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।
इसी क्रम में बुधवार सुबह अर्जुन वार्ड में नगरपालिका की टीम ने नागरिकों से सीधे संपर्क कर उन्हें रेन वाटर हार्वेस्टिंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान लोगों को बताया गया कि वर्षा जल का सही तरीके से संचयन कर भूजल स्तर को बढ़ाया जा सकता है और भविष्य में जल संकट से बचा जा सकता है।
अधिकारियों ने नागरिकों से जल के अपव्यय को रोकने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियों से भी पानी की बचत संभव है। साथ ही जल गंगा अभियान के तहत हर घर में वर्षा जल संचयन प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नगरपालिका का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सभी वार्डों में पहुंचकर लोगों को जल संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि सामूहिक प्रयास से शहर में जल संकट की समस्या को कम किया जा सके।




