मानी पंचायत में लाखों के निर्माण कार्यों में गड़बड़ी का आरोप।

डेम और सड़क निर्माण अधूरे, जेसीबी से काम कर मजदूरों के नाम पर निकाली राशि । कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग।

बैतूल। जनपद पंचायत आठनेर की ग्राम पंचायत मानी में निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता और शासन की राशि के कथित गबन का मामला सामने आया है। आठनेर के वनग्राम पाट निवासी अशोक उईके ने मंगलवार को कलेक्टर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया कि पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाट, धारुड और नड़ा में वर्ष 2024-25 के दौरान कराए गए निर्माण कार्यों में गंभीर लापरवाही बरती गई। कई कार्य अधूरे हैं, लेकिन उनकी पूरी राशि आहरित कर ली गई है। धारुड और मानी क्षेत्र में किसानों के खेतों के पास बनाए गए डेम का निर्माण मजदूरों से न कराकर जेसीबी मशीन से कराया गया। पिचिंग जैसे जरूरी कार्य भी नहीं किए गए, जबकि मजदूरों के नाम से मस्टर रोल जारी कर भुगतान किया गया। 

इसी तरह ग्राम धारुल से अंबादेवी तक बनाई गई सुदूर सड़क में भी गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप है। सड़क निर्माण में न तो मजदूरों का उपयोग हुआ और न ही तकनीकी मानकों का पालन किया गया। सड़क पर पानी डालने और रोलर चलाने जैसे आवश्यक कार्य भी नहीं किए गए। शिकायतकर्ता ने पांचवें वित्त आयोग की राशि में भी फर्जी बिल लगाकर आहरण किए जाने का आरोप लगाया है। आवेदक ने पूरे मामले की जिले की उच्च स्तरीय टीम से जांच कराई जाने और दोषी सरपंच-सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button