16वीं सब-जूनियर हॉकी टीम में मजदूर परिवार के दो खिलाड़ी चयनित।

1 से 12 अप्रैल तक झारखंड के रांची में आयोजित होगी प्रतियोगिता।


बैतूल। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में पहले ही जिले के पांच खिलाड़ियों के चयन से गूंज रहे बैतूल ने अब एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इस बार मध्यप्रदेश की 16वीं सब-जूनियर हॉकी टीम में जिले के दो उभरते सितारों जितेंद्र कहार और हर्षित धोटे (अंडर 16) का चयन हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 1 अप्रैल से 12 अप्रैल तक झारखंड के रांची में आयोजित होगी, जहां ये दोनों खिलाड़ी प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
खास बात यह है कि जितेंद्र कहार और हर्षित धोटे दोनों ही साधारण मजदूर परिवारों से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन अपने असाधारण जुनून और मेहनत के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
हॉकी बैतूल के सचिव जगेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि दोनों खिलाड़ी पिछले 5-6 वर्षों से निरंतर हॉकी का अभ्यास कर रहे हैं और मैदान पर उनका उत्साह हमेशा देखने लायक रहा है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसका परिणाम आज पूरे जिले के सामने है। इस उपलब्धि में जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील और कोच अजय मिश्रा व तपेश का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया।
इससे पहले बैतूल के पांच खिलाड़ी खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुने जा चुके हैं, जिससे जिले की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। अब सब-जूनियर टीम में दो और खिलाड़ियों के चयन ने यह साबित कर दिया है कि बैतूल की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है।
इस उपलब्धि पर पूर्व खिलाड़ी प्रदीप खंडेलवाल, हॉकी बैतूल के अध्यक्ष अक्षय वर्मा, सचिव जगेन्द्र सिंह तोमर, जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील, रमेश भाटिया, विभाषवर्धन पांडेय, जगदीप वर्मा, मुकेश वर्मा, धर्मेन्द्र गोठी, सुधीर जैन, अजाब राव झरबडे, नरेन्द्र ठाकुर, देवेन्द्र पाटिल, शैलेश गुबरेले और मनप्रीत सिंह वालिया सहित कई वरिष्ठ एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button