सेवा पखवाड़ा अभियान में बैतूल के दो आनंद क्लब राज्य स्तर पर सम्मानित।

स्वच्छता और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य पर प्रत्याक्षा और ताप्ती क्लब अव्वल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय खुशहाली दिवस पर किया सम्मानित। चार साल से दिव्यांगों के लिए काम कर रहा प्रत्याक्षा क्लब, सिमोरी में सक्रिय ताप्ती क्लब।

बैतूल। सेवा पखवाड़ा अभियान के उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो आनंद क्लबों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान आनंद विभाग द्वारा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक आयोजित सेवा पखवाड़ा अभियान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान के दौरान प्रत्याक्षा आनंद क्लब बैतूल और ताप्ती आनंद क्लब ग्राम सिमोरी ने स्वच्छता, सामाजिक सेवा और कमजोर वर्गों की सहायता में उल्लेखनीय कार्य किए, जिसके आधार पर इन्हें क्रमशः प्रथम और द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

जिला संपर्क व्यक्ति महेश गुंजेले के अनुसार अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पोषण सहायता, मैराथन दौड़, रक्तदान शिविर और पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जीवनशैली बनाना, सामाजिक सेवा को संस्कृति के रूप में बढ़ावा देना और नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

प्रत्याक्षा आनंद क्लब की संचालक तुलीका पचौरी ने बताया कि उनका क्लब पिछले चार वर्षों से दिव्यांग बच्चों और निषक्तजनों के लिए कार्य कर रहा है। ताप्ती आनंद क्लब सिमोरी के शैलेन्द्र बिहारिया ने बताया कि उनका क्लब सिमोरी और बैतूल क्षेत्र में स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है।

राज्य आनंद संस्थान के निर्देश पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय समिति द्वारा चयन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें क्लबों से प्राप्त आवेदन और वेबसाइट पर अपलोड प्रतिवेदनों के आधार पर निर्णय लिया गया। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय खुशहाली दिवस पर आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित आनंद के आयाम राष्ट्रीय संगोष्ठी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष गुप्ता, निदेशक सत्य प्रकाश, हरिद्वार से स्वामी मधुसूदन महाराज, भारतीय नैतिक चरित्र निर्माण दिल्ली से स्वामी रामकृष्ण गोस्वामी और हैदराबाद से सुब्रमण्यम शंकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बैतूल जिले से जिला संपर्क व्यक्ति डॉ. महेश गुंजेले, मास्टर ट्रेनर दिलीप गीद, रेखा कापसे, प्रत्याक्षा आनंद क्लब से तुलीका पचौरी, आशीष पचौरी, ताप्ती आनंद क्लब सिमोरी के शैलेन्द्र बिहारिया, पंजाबराव गायकवाड़, प्रीतम सिंह मरकाम, चंचल पांसे, प्रकाश देवड़ा, जलदीप वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। उत्कृष्ट पुरस्कार मिलने पर निमिषा शुक्ला, अंश त्रिपाठी, प्रमिला धोत्रे, नीलू भार्गव, वर्षा उमप और उषा सातनकर सहित अनेक लोगों ने दोनों क्लबों को बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button