जिला अस्पताल के आयुष विंग का मंत्री इन्दर सिंह परमार ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश।

पंचकर्म से दवा वितरण तक हर व्यवस्था का लिया जायजा।

बैतूल। प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग मंत्री इन्दर सिंह परमार ने बुधवार को जिला चिकित्सालय स्थित जिला आयुष विंग का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचकर्म, शिरोधारा सहित विभिन्न आयुष चिकित्सा पद्धतियों का अवलोकन किया और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

मंत्री इन्दर सिंह परमार ने सिकल सेल यूनिट के साथ आयुर्वेद एवं होम्योपैथी दवाओं के वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दवाओं का वितरण सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयुष औषधियों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए और आवश्यकता अनुसार समय पर मांग प्रस्तावित की जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुष विंग में साफ-सफाई और सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में आयुष चिकित्सा पद्धतियों को मजबूती से स्थापित करते हुए उनका प्रभावी और सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इस अवसर पर मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगाबाई उइके तथा जिला आयुष अधिकारी योगेश चौकीकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button