निःशुल्क पंचकर्म शिविर में 360 लोगों ने लिया उपचार का लाभ।

टिकारी आयुर्वेद चिकित्सालय और आयुष विंग में लगा निःशुल्क पंचकर्म शिविर।

बैतूल। आयुष विभाग द्वारा आमजन के बेहतर स्वास्थ्य और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित निःशुल्क पंचकर्म चिकित्सा शिविर को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला। जिला आयुर्वेद चिकित्सालय टिकारी और जिला चिकित्सालय परिसर स्थित आयुष विंग में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और उन्होंने परामर्श के साथ उपचार का लाभ लिया।

जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर के निर्देशन में आयोजित शिविर का संचालन अनुभवी डॉक्टरों और विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया गया। जिला आयुर्वेद चिकित्सालय टिकारी में नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका और सहायक नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र डडोरे के मार्गदर्शन में मरीजों को उपचार दिया गया। वहीं जिला चिकित्सालय परिसर स्थित आयुष विंग में नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका उइके और सहायक नोडल अधिकारी डॉ. सरिता डहेरिया के मार्गदर्शन में विभाग के कर्मचारियों ने मरीजों को सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर के दौरान लोगों में पंचकर्म चिकित्सा के प्रति विशेष रुचि देखने को मिली। मरीजों ने सामान्य बीमारियों के लिए परामर्श लेने के साथ ही पंचकर्म जैसी प्राचीन और प्रभावशाली आयुर्वेदिक पद्धति के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रीना चौकीकर ने बताया कि पंचकर्म शरीर के शुद्धिकरण की प्रक्रिया है, जो कई पुरानी और जटिल बीमारियों में लाभकारी सिद्ध होती है।

आयुष विभाग समय-समय पर ऐसे निःशुल्क शिविरों का आयोजन करता है, ताकि समाज के हर वर्ग तक आयुर्वेद और पंचकर्म का लाभ पहुंचाया जा सके। शिविर में आए लोगों ने विभाग की इस पहल की सराहना की और बताया कि इस तरह के आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को उपचार की सुविधा मिलती है। शिविर में कुल 360 लाभार्थियों ने उपचार और परामर्श का लाभ प्राप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button