घोषणाएं हुईं, भूमिपूजन भी हुआ पर काम अधूरा, अंबेडकर जयंती से पहले निर्माण पूरा करने की मांग। संविधान चौक, अंबेडकर चौराहा और भवनों की बदहाली पर कलेक्टर से त्वरित निर्देश देने की मांग।

बैतूल। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर से जुड़े स्थलों की बदहाली और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर बौद्ध समाज के आर. डी. पाटिल ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर जिले में बाबा साहब अंबेडकर से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों की दयनीय स्थिति पर ध्यान आकर्षित किया है और 14 अप्रैल डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती से पहले सभी अधूरे कार्य पूरे कराने की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित संविधान चौक पर केवल एक बोर्ड लगाया गया है, जबकि यहां किसी प्रकार का सौंदर्यीकरण, मंच या अन्य संरचनात्मक विकास नहीं किया गया है। लगभग दो वर्ष पहले बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, नगर पालिका परिषद और प्रशासन की मौजूदगी में सामाजिक संगठनों के साथ इस स्थल का भूमिपूजन किया गया था। उस समय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगभग सात लाख रुपए देने की घोषणाएं भी की गई थीं, लेकिन आज तक यहां निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

इसी प्रकार कारगिल चौक स्थित अंबेडकर मांगलिक सामुदायिक भवन लगभग 15 वर्ष पहले सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बनाया गया था, लेकिन आज तक इसे सामाजिक संगठनों को सौंपा नहीं गया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा नगर पालिका परिषद को पत्र भी दिया गया था, इसके बावजूद अब तक सामाजिक प्रतिनिधियों की समिति बनाकर भवन हस्तांतरित नहीं किया गया है।

शहर के रेन बसेरा के पीछे स्थित लगभग 40 से 50 वर्ष पुराना अंबेडकर भवन भी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। आवेदन में बताया गया है कि यहां पुताई, पैविंग ब्लॉक, पौधों की कटिंग, मरम्मत और निर्माण कार्य की जरूरत है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होने के कारण परिसर में कम से कम 10 सीमेंट की बेंच लगाने की भी मांग की गई है।

– 17 लाख की घोषणा, लेकिन आज तक शुरू नहीं हुआ सौंदर्यीकरण कार्य

नेहरू पार्क के सामने स्थित अंबेडकर चौराहे के सौंदर्यीकरण का भी लगभग आठ माह पहले जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नगर पालिका अध्यक्ष की मौजूदगी में भूमिपूजन किया गया था। इस कार्य के लिए 17 लाख रुपए की घोषणा भी की गई थी, लेकिन आज तक सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू नहीं हो सका है।

आवेदन में जामठी स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार परिसर में प्रस्तावित अंबेडकर भवन निर्माण का मामला भी उठाया गया है। बताया गया कि 17 सितंबर 2024 को आयोजित भगवान गौतम बुद्ध प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम के दौरान बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सामाजिक बंधुओं की मांग पर अंबेडकर भवन निर्माण के लिए अपनी विधायक निधि से पांच लाख रुपए की अतिरिक्त राशि ग्राम पंचायत को प्रदान की थी। वहीं आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने प्रज्ञा बुद्ध विहार परिसर में फेंसिंग और अन्य कार्यों के लिए दो लाख रुपए की राशि स्वीकृत की थी। इसके बावजूद दो वर्ष बीत जाने के बाद भी ग्राम पंचायत द्वारा केवल गड्ढे खोदकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। परिसर में सामाजिक सहयोग से लगाए गए पौधों को फेंसिंग अधूरी होने के कारण पशुओं से नुकसान हो रहा है।

– संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्देश जारी करने की मांग

आर. डी. पाटिल ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर पालिका परिषद बैतूल और संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्देश जारी कर संविधान चौक, अंबेडकर चौराहा, अंबेडकर मांगलिक सामुदायिक भवन, पुराने अंबेडकर भवन और जामठी स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार परिसर में लंबित निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य 14 अप्रैल डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती से पहले पूर्ण कराए जाएं, ताकि इन स्थलों को उचित सम्मान मिल सके और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button