दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन गंभीर घायल, हालत नाजुक होने बैतूल रेफर। बीती रात हुआ सड़क हादसा, समाजसेवी रमेश गव्हाडे ने दिखाई तत्परता, निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल।

बैतूल। विकासखंड प्रभात पट्टन के रजापुर जोड़ से रैयतवाड़ी रामनगर की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर मंगलवार रात करीब आठ बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ग्राम पंचायत रजापुर के अजाबगढ़ निवासी विजय धुर्वे की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के समय वहां से गुजर रहे समाजसेवी और भाजपा कार्यकर्ता रमेश गव्हाडे ने दुर्घटना देख तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन लगाया, लेकिन एम्बुलेंस के पहुंचने में विलंब होने पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल विजय धुर्वे को अपने निजी वाहन से उपचार के लिए शासकीय अस्पताल आठनेर पहुंचाया। इस दौरान गेहूंंबारसा निवासी समाजसेवी भरत साहू भी उनके साथ रहे और उन्होंने भी मदद की।
अस्पताल पहुंचाने के साथ ही रमेश गव्हाडे ने घायल विजय धुर्वे के परिजनों को भी घटना की सूचना दी।
डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद विजय धुर्वे की हालत अत्यधिक गंभीर देखते हुए उसे शासकीय अस्पताल आठनेर से जिला चिकित्सालय बैतूल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में घायल अन्य दो युवक इटावा निवासी मनोज कुमरे और रवि वाडिया को उनके परिजन निजी वाहन से उपचार के लिए वरुड ले गए। वहां दोनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।




