राठौर समाज के होली मिलन में कुरीतियों को खत्म करने और समाज को संगठित करने का लिया संकल्प ।

बैतूल। जिला क्षत्रिय राठौर समाज बैतूल द्वारा मंगलवार को गंज स्थित धर्मशाला में जिला स्तरीय होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन और भी उल्लासपूर्ण हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वीर दुर्गादास राठौर और भगवान राधा-कृष्ण की छायाचित्र पर तिलक एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। समाज के युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों ने मिलकर होली का आनंद लिया और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर समाज के जिला अध्यक्ष सुभाष राठौर ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि समाज के लिए जल्द ही एक मंगल भवन का निर्माण किया जाना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए जमीन उपलब्ध हो चुकी है और अब सभी समाजजनों के सहयोग से इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि समाज के विकास और आने वाली पीढ़ियों के हित में इस निर्माण कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग दें।

कार्यक्रम में समाज के पूर्व अध्यक्ष अनिल राठौर ने भी अपने विचार रखते हुए समाज में एकता और आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब समाज के लोग एकजुट होकर कार्य करते हैं तो हर लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

समारोह में महिला अध्यक्ष ममता राठौर,

जनपद सदस्य स्वाति राठौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी समाजजनों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने आने वाले समय में इस होली मिलन समारोह को और भी बड़े स्तर पर आयोजित करने की बात कही। महिला पदाधिकारियों ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी और उत्साह लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, जिससे होली मिलन समारोह यादगार बन गया।

कुरीति दूर करने पर दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान समाज के अन्य युवाओं और बुजुर्गों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने एक स्वर में कहा कि समाज की प्रगति के लिए एकता सबसे बड़ी ताकत है। साथ ही समाज में फैल रही कुछ कुरीतियों को दूर करने के लिए भी सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर पालिका उपाध्यक्ष महेश राठौर,पूर्व महिला अध्यक्ष सुनीला राठौर, लवलेश राठौर, अरविंद राठौर, ललित राठौर,घनश्याम राठौर सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद राठौर ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button