महिलाएं हर क्षेत्र में बना रही हैं अपनी पहचान: संध्या महाले। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर किया कार्यक्रम।

बैतूल। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, मध्य भारत प्रांत के बैतूल नगर इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तहत 9 मार्च को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 50 मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ग्राहक पंचायत के कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता निजी स्कूल की संचालिका संध्या महाले ने कहा कि आज महिलाएं अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने का आग्रह किया। योग टीचर और सामाजिक कार्यकर्ता रुक्मणी साहू ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि योग के माध्यम से महिलाएं स्वस्थ और तंदुरुस्त रह सकती हैं, इसके लिए प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालना जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्ष और नव त्रिमूर्ति समाज कल्याण समिति की अध्यक्ष बबीता चौहान ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनकी संस्था द्वारा शासन के सहयोग से सालभर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इनमें कंप्यूटर ट्रेनिंग, सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटी पार्लर जैसे कोर्स शामिल हैं।
सफल व्यवसायी श्रीमती राजेश्वरी लिखितकर ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं अपने आसपास के वातावरण और जरूरतों को समझकर छोटे-छोटे व्यवसाय जैसे बुटीक, अचार-पापड़, सिलाई-कढ़ाई जैसे कार्य शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के संजय चौहान ने मातृशक्ति को साइबर फ्रॉड, मिलावट और समझदारी से खरीदारी करने जैसे विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।




